नया बदायूं संवाददाता, वजीरगंज।
लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ब्लॉक वजीरगंज क्षेत्र के गांव रेहड़िया में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान मकान मालिक की पत्नी शिल्पी पाठक चूल्हे पर खाना बनाने जा रही थीं, लेकिन दीवार गिरने से कुछ क्षण पहले ही वह वहां से हट गईं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव निवासी अमित पाठक अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो चुकी थी, जो अचानक धराशायी हो गई। इस हादसे में घर का सामान भी प्रभावित हुआ। मकान की हालत बेहद खराब होने के कारण परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और फिलहाल पन्नी डालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है। बारिश के इस मौसम में यह स्थिति परिवार के लिए बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
तीन बार किया आवेदन, फिर भी नहीं मिला आवास
पीड़ित अमित पाठक का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान के लिए तीन बार ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उनके आवेदन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पात्र परिवार को नहीं मिला लाभ, अपात्रों पर उठे सवाल
परिवार का आरोप है कि जहां एक ओर पात्र लोग आवास के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
अपील
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। अब देखना यह होगा कि बार-बार आवेदन करने के बावजूद आवास से वंचित इस परिवार की ओर जिम्मेदार अधिकारी कब ध्यान देते हैं।
