नया बदायूं, संवाददाता।
विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के ब्लड सेंटर द्वारा आज एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। रक्तदान के साथ-साथ जन जागरूकता पर कार्यक्रम भी किए गए।
रविवार को रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार के दिशा-निर्देशन में इस शिविर का संचालन किया गया। पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सुचेता यादव और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. वैशाली सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ने दिनभर शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। शिविर में दिनभर 20 सजग युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 15 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की कार्यक्रम के दौरान संजय कुमार, नितिन कुमार, सनी वाष्णेय, योगेश कुमार सिंह और राव रंजित संतराम सहित अन्य रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. सुचेता यादव ने बताया कि एक बार रक्तदान करने से 3 लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान को जीवन का हिस्सा बनाएं।
