नया बदायूं

ब्रह्माकुमारी आश्रम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 42 लोगों ने किया रक्तदान

नया बदायूं संवाददाता।

राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं एवं ब्रह्माकुमारी आश्रम, समाज सेवा प्रभाग की ओर से राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तहत बी-4 आवास विकास स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 60 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें 42 लोगों ने रक्तदान किया।

मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्तदान भी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने रक्तदाताओं को ‘जीवनदाता’ बताते हुए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी अभियानों में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।
शिविर की तैयारियां पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुचेता यादव एवं ब्रह्माकुमारी आश्रम की सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी करुणा दीदी के मार्गदर्शन में हुईं। डॉ. सुचेता यादव ने महिला रक्तदाताओं की सराहना की। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. वैशाली सिंह एवं अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
ब्रह्माकुमारी करुणा दीदी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके माध्यम से कई लोगों को जीवनदान मिलता है। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से जनहित में प्रत्येक वर्ष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
शिविर में ब्रह्माकुमारी बहनों सहित किरण दीदी, धर्मवीर, दीनदयाल, मुन्नालाल, मिथिलेश आदि ने रक्तदान किया। शिविर के सफल संचालन में ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन रजनीश पटेल, संदीप कुमार सिंह, साल्वी, मीनाक्षी, पूजा सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।

Exit mobile version