बदायूं संवाददाता।
विश्व हिंदू परिषद की विभाग बैठक मंगलवार को बदायूं क्लब में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान प्रांत संगठन मंत्री राजेश और प्रांत उपाध्यक्ष राजीव भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए दिनेश उपाध्याय ने गोपाष्टमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौसेवा और गोसंरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है और गोपाष्टमी सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर है।
बैठक में विभाग के संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी हित चिंतक अभियान की रूपरेखा तैयार कर उसे व्यापक स्तर पर संचालित करने पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री सोमेश बाजपेयी, विभाग संयोजिका मातृशक्ति किरन, विभाग सह संयोजक महेश सिंह, जिलाध्यक्ष नीरज रस्तोगी, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, बिसौली जिलाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, जिला मंत्री रोहित सिंह और मातृशक्ति संयोजिका प्रतिभा गुप्ता सहित बदायूं एवं बिसौली के पदाधिकारी मौजूद रहे।
