नया बदायूं

प्लाट विवाद में हिंसा, कब्जा मिलने के बाद भूमाफियाओं का हमला

नया बदायूं, संवाददाता।

शहर के मीरा सराय रोड पर 700 गज के एक प्लाट को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक हो गया है। उपजिलाधिकारी सदर के आदेश पर वैध मालिकों को कब्जा दिलाए जाने के बाद देर रात कुछ दबंगों ने हमला कर दिया और प्लाट की चारदीवारी तोड़ दी।

बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद था। तहसील प्रशासन द्वारा दस्तावेजों की जांच और मौके के निरीक्षण के बाद प्लाट का मालिकाना हक मदीना, नवाजिश और जीशान के पक्ष में पाया गया। इसके बाद 28 अगस्त को प्रशासन ने तीनों को प्लाट पर विधिक कब्जा दिला दिया था।

आरोप है कि इसी से नाराज होकर देर रात कुछ लोगों ने प्लाट पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने नवनिर्मित चारदीवारी को गिरा दिया और विरोध करने पर मदीना व उसके भाई ‘छोटा’ को लाठी-डंडों से पीट दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष लालपुल पुलिस चौकी पहुंचा, जहां आरोप है कि उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसको लेकर पीड़ितों में रोष है और उन्होंने उच्च अधिकारियों से कार्रवाई व सुरक्षा की मांग की है। प्रशासनिक आदेश के बावजूद हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version