नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी के बाद पुलिस की लापरवाही से नाराज लोगों ने नरैनी चौराह पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग शुरू कर दी। एसडीएम एवं सीओ के समझाने के बाद जाम खोला गया। इसके बाद मासूम बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है।
पुलिस आरोपी को नाबालिग बढताकर बचाने में लगी
गुरुवार की रात एक निजी अस्पताल में प्रसव को आई महिला के साथ एक छह साल की मासूम बच्ची आई थी। तभी एक युवक उसको बहलाकर ले गया। उसने मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया था। बदहवास हालत में खून से लथपथ मिली बच्ची को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। देर रात ही पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बच्ची को मेडिकल के लिए अस्पताल नहीं भेजा। यहां तक कि खून से लक्तपथ कपड़ों को भी कब्जे में नहीं लिया। पुलिस आरोपी को नाबालिग बताने में जुट गई। पुलिस आरोपी को नाबालिग बताकर बढ़ाने का प्रयास कर रही है जिसकी वजह से ग्रामीणों में और ज्यादा गुस्सा टूट गया है।
सड़कों पर आए ग्रामीणों से लगा जाम, एनकाउंटर की मांग
पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है इससे नाराज होकर ग्रामीणों की भीड़ ने नरैनी चौराह पर जाम लगा दिया। जाम लगते ही चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार से लोगों की नोकझोंक हो गई। माहौल को देखकर उघैती, इस्लामनगर से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। लेकिन ग्रामीण बड़े अफसरों को बुलाने की मांग एवं आरोपी का एनकाउंटर की मांग पर अड़ गए। एसडीएम एवं सीओ के काफी समझाने के बाद भीड़ शांत हुई। इसके बाद मासूम को इलाज एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया।
