बदायूं संवाददाता।
समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में क्राई (चाइल्ड राइट्स एंड यू) के सहयोग से विकासखंड उझानी के ब्लॉक सभागार में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों का क्षमता वर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दूदेनगर, बरीकानगला, छतुईया, सिरसौली, सरकी, मीरासराय एवं अल्लापुर भोगी गांवों के ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, शिक्षक, अभिभावक और बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) प्रवीण कुमार ने कहा कि बच्चों से जुड़ी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी विभागों के माध्यम से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए ग्राम स्तर पर सभी जिम्मेदार लोगों को एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति गांव के बच्चों की समस्याओं को पहचानने और उनके समाधान में महत्वपूर्ण कड़ी है। समिति के सदस्यों को नियमित बैठकें आयोजित कर पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पहल करनी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समग्र विकास संस्थान के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों का भविष्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और अपनी बात रखने का अधिकार मिलना भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों, जो समिति के अध्यक्ष भी हैं, तथा अन्य सदस्यों से अपील की कि वे विद्यालय से बाहर रहने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग करें। साथ ही गांवों में ग्रामसभा और ग्राम पंचायत की बैठकों के नियमित आयोजन पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में संस्था समन्वयक साक्षी शर्मा ने समिति के सदस्यों का क्षमता वर्धन करते हुए बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्था के गौरव कुमार, कैलाश कुमार, पिंकी, उमराय सिंह एवं अयान सहित सातों गांवों के कुल 41 सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम स्तर पर बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
