बदायूं, संवाददाता।
शहर के रामलीला मैदान में मंगलवार को बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। दरभंगा, बिहार से आई मिथिला नाटक कला कमेटी के कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया। कलाकारों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में सबसे पहले हनुमान जी द्वारा सोने की लंका का दहन किया गया। इसके बाद लक्ष्मण और मेघनाद के बीच युद्ध का मंचन हुआ। अंत में भगवान श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद रावण के पुतले का भव्य दहन किया गया। इस दौरान रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उत्साह के साथ विजयदशमी का पर्व मनाया।
आयोजन श्री रामलीला महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार, डीएम अवनीश कुमार राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिन्द जाधव सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने आवश्यक इंतजाम किए। विजयदशमी का पर्व लोगों को सत्य, धर्म, नैतिकता और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा बुराइयों का त्याग कर अच्छाई अपनाने का संदेश देता है।
