नया बदायूं, संवाददाता।
थाना अलापुर क्षेत्र में मंगलवार को म्याऊं-उसावां मार्ग पर ग्राम बिचपुरी के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना अलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायल गाय का पशु चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान गाय की मौत हो गई। इसके बाद गाय को सम्मानपूर्वक दफना दिया गया। मगर स्थानीय लोगों ने आक्रोश में आकर उसावां अस्पताल पर तैनात डॉक्टर के साथ जमकर मारपीट की गाड़ी में तोड़फोड़ की, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस मामले में पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच पड़ताल कर डॉक्टर पर हमला करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो चला रहे डॉ. राहुल सिद्धार्थ, जो सीएचसी उसावां में तैनात हैं, उनके शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई थी। शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी और गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल परीक्षण में उनके शरीर में एल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई।
डॉक्टर के साथ हाथापाई का आरोप
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद डॉ. राहुल सिद्धार्थ के साथ कुछ लोगों द्वारा हाथापाई किए जाने की सूचना मिली। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना अलापुर पुलिस ने ग्राम बिचपुरी निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेखर पुत्र राजकुमार, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल पुत्र सोवरन, धर्मेंद्र पुत्र रामनिवास तथा धर्मपाल पुत्र डालचंद्र शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चारों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटाई तथा चालक का मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं, गाय के घायल होने के बाद पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर उपचार कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
कार्रवाई जारी
अलापुर पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
