नया बदायूं, संवाददाता।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के निर्देश पर मंगलवार को प्रदेश भर के निर्वाचन अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षकों, सूचना विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ “चुनावी प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका और तकनीक के उपयोग” विषय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई।
बदायूं जनपद में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) त्रिभुवन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में आगामी रीजनल कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा साझा की गई। इसके तहत 31 जुलाई को मेरठ, 07 अगस्त को लखनऊ और 21 अगस्त को वाराणसी में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और इंटर कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के गठन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और मतदाता जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि इन सम्मेलनों में स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्य, विश्वविद्यालयों के निदेशक, समाज कल्याण गतिविधियों से जुड़े क्लबों के डीन/इंचार्ज, मीडिया प्रभारी व सोशल मीडिया प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से चार-चार तथा प्रत्येक जनपद मुख्यालय से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों की सहमति प्राप्त कर ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से आवेदन कराया जाएगा।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का उद्देश्य 18 से 20 वर्ष के युवाओं को जोड़कर उन्हें मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। जनपद स्तर पर आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Discussion about this post