नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद की ग्राम पंचायतों में एक बार फिर मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जायेगा। संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को लेकर प्रशासन ने तीसरी बार विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। अब ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची 10 जून को प्रकाशित की जायेगी।
बदायूं निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले में एक लाख 98 हजार 87 ऐसे मतदाता चिन्हिंत किये गए हैं। जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं। इन मतदाताओं के नाम कुल छह लाख 95 हजार 937 बार मतदाता सूची में पाए गए हैं। इन सभी प्रविष्टियों को संभावित डिप्लीकेट मानते हुए उनका दोबारा भौतिक सत्यापन कराया जायेगा। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सही प्रविष्टियों को बरकरार रखा जायेगा। जबकि डुप्लीकेट नामों को सूची से हटा दिया जायेगा। डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य आज 22 अप्रैल से शुरू कर दिया जायेगा। जिसमें गांव-गांव मतदाताओं का सत्यापन किया जायेगा।
तहसील व ब्लाक बार डुप्लीकेट मतदाता
सदर तहसील के ब्लाक जगत में 50482, उझानी 55989, सालारपुर 44822, कादरचौक 45704, म्याऊं 581 वोट डुप्लीकेट हैं। वहीं सहसवान तहसील के ब्लाक सहसवान में 41437, दहगवां 65024 डुप्लीकेट वोट हैं। बिसौली तहसील के ब्लाक बिसौली में 40295, वजीरगंज 35893, आसफपुर 43247, इस्लामनगर 18921 डुप्लीकेट वोटर हैं। बिल्सी तहसील के ब्लाक अंबियापुर में 47584, इस्लामनगर 20165, बिसौली 9732, सहसवान 23432 डुप्लीकेट वोटर हैं। दातागंज तहसील के ब्लाक दातागंज में 39564, उसावां 36692, समरेर 37465, म्याऊं 38908 डुप्लीकेट वोटर हैं।
10 जून को ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं डीएम अवनीश राय ने बताया कि संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के बाद 10 जून को ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।
