लखनऊ/बदायूं, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के 9 जनपदों में डीजीपी उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश पर प्रदेश के नौ जनपदों के 10 थाना अध्यक्षों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। इसमें बदायूं जिले के उसावां थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह भी शामिल हैं। बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने उसावां थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। डीजीपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

27 अक्टूबर को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक में लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। शासन और पुलिस महानिदेशक की ओर से अधिकारियों को जनशिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं।

कार्रवाई की जद में लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी और फरधान, उन्नाव के सोहरामऊ, एटा के जसरथपुर, आगरा के लोहामंडी, प्रतापगढ़ के महेशगंज, बदायूं के उसावां, बिजनौर के चांदपुर, मथुरा के जैत और लखनऊ के बाबू बनारसी दास थाने के अध्यक्ष शामिल हैं।
डीजीपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।

Discussion about this post