नया बदायूं

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का भव्य उद्घाटन, हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर हुई पुष्प वर्षा

 

बदायूं संवाददाता।

रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का सोमवार को भव्य उद्घाटन हुआ। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेला स्थल पहुंच रहे हैं और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व सांसद संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, डीएम अवनीश कुमार राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, सीडीओ गामिनी सिंगला और एसपी सिटी अभिषेक सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गंगा तट पर पूजन-अर्चन कर मेले के सफल आयोजन की कामना की।

उद्घाटन के बाद मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों को देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। गंगा तट पर आस्था की नगरी में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मेले में दुकानें, झूले और अन्य आकर्षण श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है।

कल होगा कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान

24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेला ककोड़ा में मुख्य गंगा स्नान होगा। प्रशासन को इस दिन करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र को 12 सेक्टर में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू रखने के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। रोडवेज बसों, निजी बसों, टेंपो, कारों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए अलग व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि मुख्य मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने।

प्रशासन की कोशिश है कि कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम गंगा स्नान की सुविधा मिले। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के शुरू होने के साथ ही गंगा तट पर आस्था, भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया है।

Exit mobile version