नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जिले के बिल्सी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर मुकईयां निवासी जुगेंद्र (42) पुत्र लाखन अपने बेटे अजीत (18) के साथ छौलायन गांव स्थित अपनी ससुराल से दावत खाकर वापस घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही दोनों बिसौली-बिल्सी रोड पर गुधनी गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जुगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजीत को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
