बदायूं, संवाददाता।
सीडीओ गामिनी सिंगला की पहल पर ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम के तहत परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित शैक्षिक एवं जीवन कौशल आधारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में विजेता बच्चों के साथ उनके शिक्षकों और अभिभावकों को भी प्रशस्ति पत्र, उपहार एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक और सीडीओ गामिनी सिंगला ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। केजीबीबी जगत की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत प्रस्तुति दी।
जनपद के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में बच्चों की प्रतिभा निखारने और जीवन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय, ब्लॉक और जनपद स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई गईं। इनमें कहानी सुनाओ, अंग्रेजी डिक्टेशन, सामान्य ज्ञान, हिंदी-अंग्रेजी भाषण और वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 सितम्बर, ब्लॉक स्तर की 18 सितम्बर और जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं 23 सितम्बर को आयोजित हुई थीं।
समारोह में 11 प्रथम विजेताओं को 5-5 हजार, 11 द्वितीय विजेताओं को 3-3 हजार, 11 तृतीय विजेताओं को 1500-1500 रुपये तथा 32 प्रतिभागियों को 500-500 रुपये की सांत्वना राशि दी गई। कुल 65 छात्र-छात्राओं को 1,20,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
सीडीओ गामिनी सिंगला और एमएलसी प्रतिनिधि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं से बेसिक शिक्षा के बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर मिला है। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से सफलता हासिल की जा सकती है। इस अवसर पर बीएसए नवीन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी और एआरपी मौजूद रहे।
