बदायूं, संवाददाता।
ब्लॉक उझानी ब्लॉक परिसर एवं अंबियापुर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन समारोह एवं 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिल्सी विधायक हरीश शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। कुपोषित श्रेणी के SAM/MAM बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से संवाद कर स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि पोषण, स्वास्थ्य और संस्कार से ही सशक्त परिवार एवं समृद्ध समाज का निर्माण होता है। कुपोषण मुक्त भारत के संकल्प को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ भारत की पहचान है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
