नया बदायूं

गंगा में स्नान करते समय दो युवक डूबे, एक की मौत

नया बदायूं, संवाददाता मुजरिया (बदायूं)।

दशहरा पर्व के बाद एकादशी के अवसर पर गंगा स्नान करने गए चार युवकों में से दो युवक गंगा नदी में डूब गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका। घटना के तीन घंटे बाद तक भी रेस्क्यू टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बगुला नगला निवासी नन्हे पुत्र दाताराम (20 वर्ष), विवेक पुत्र लीलाधर (23 वर्ष), ज्ञान सिंह पुत्र महावीर तथा शंकर पुत्र बुधपाल एकादशी पर्व पर गंगा स्नान करने के लिए चंदनपुर गांव के पास गंगा नदी पहुंचे थे। स्नान के दौरान नन्हे और विवेक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नदी की तेज धारा में समा चुके थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि करीब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी कोई रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासनिक सहायता न मिलने पर ग्रामीणों ने स्वयं खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नन्हे का शव नदी से बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरे युवक विवेक का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। घटना के बाद मृतक नन्हे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गंगा घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते रेस्क्यू टीम पहुंच जाती तो लापता युवक की तलाश अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती थी। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर आपदा प्रबंधन और त्वरित राहत व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। समाचार लिखे जाने तक विवेक की तलाश जारी थी।

Exit mobile version