नया बदायूं

नवादा में शराब की दुकान पर भिड़े दो युवक, पुलिस ने गिरफ्तार कर की निरोधात्मक कार्रवाई

नया बदायूं, संवाददाता।

सिविल लाइंस थाना पुलिस ने नवादा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास आपस में विवाद और लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के साथ-साथ शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल लाइंस पुलिस को नवादा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास दो युवकों के बीच विवाद की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो लकी पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम नागल सोती शहजादपुर, थाना नागल सोती, जनपद बिजनौर और कौशल पुत्र सुरेशपाल, निवासी लऊआ, थाना उझानी, जनपद बदायूं आपस में विवाद करते हुए लड़ाई-झगड़े पर उतारू थे।
पुलिस ने दोनों युवकों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों शांत नहीं हुए और दोबारा उत्तेजित होकर आपस में लड़ाई-झगड़ा तथा आमादा फसाद होने लगे। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि विवाद बढ़ने की स्थिति में मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसे देखते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version