नया बदायूं संवाददाता। जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरैन-सैदपुर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहाँ दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन के भीतर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लोहे की चादरों और केबिन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला जा सका।
बताया जा रहा है कि एक पिकअप में दूध लदा था, जबकि दूसरी मुर्गियों से भरी हुई थी। हादसे में दोनों चालक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्गियों से भरी पिकअप के चालक की स्थिति बेहद नाजुक देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।

Discussion about this post