बदायूं, संवाददाता।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, बदायूं में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल शिक्षक संकुल एवं नोडल एआरपी के दो दिवसीय क्षमता संवर्द्धन प्रशिक्षण का गुरुवार को नौ सत्रों के साथ समापन हुआ।
सुधा मिश्रा (एसआरजी) ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य नोडल शिक्षक संकुल एवं नोडल एआरपी की अकादमिक क्षमताओं को मजबूत करना और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण विकसित करना है। कमलेश राज (जिला समन्वयक निपुण) ने बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, बाल-केंद्रित शिक्षण, दक्षता आधारित शिक्षा, समावेशी शिक्षा, शिक्षक सहयोग, शैक्षिक नेतृत्व, विद्यालय अनुश्रवण एवं अकादमिक सहयोग पर जानकारी दी।
पीयूष कुमार (एसआरजी) ने गतिविधि आधारित एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों पर जोर दिया, जबकि जसवीर सिंह (एसआरजी) ने समूह कार्य और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों के अनुभव साझा कराए। एसआरजी एवं संदर्भदाताओं ने कहा कि नोडल शिक्षक संकुल और एआरपी विद्यालयों को अकादमिक सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं नवाचारों को विद्यालयों तक पहुंचाने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अंजुम खान, अफजाल अहमद, फखरे आलम, सीमा राजन, मनीष कुमार, विनीत कुमार सोलंकी, परमवीर सिंह दीवला, जितेंद्र सिंह, अशोक कुमार, चन्द्रभान, नाहिद फरहान अंसारी, जमीर अहमद, प्रभात कुमार, विनीत यादव आदि मौजूद रहे।
