नया बदायूं

कोहरे में सड़क हादसे रोकने के लिए यातायात पुलिस ने वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर

 

बदायूं संवाददाता।

शीत ऋतु में कोहरे और कम दृश्यता के चलते होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बदायूं यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। रविवार को एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए, जिससे रात और कोहरे के दौरान वाहन दूर से ही दिखाई दे सकें और हादसों की आशंका कम हो।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि सर्दियों में घना कोहरा होने के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहन पीछे से आने वाले चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है। रिफ्लेक्टिव टेप लगे होने से वाहनों की पहचान आसानी से हो सकेगी।

बदायूं पुलिस ने जनपद के वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाने और सड़क सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

Exit mobile version