बदायूं संवाददाता।
जनपद में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स बदायूं में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और हमेशा निर्धारित लेन में चलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टंट बाइकिंग से बचने, प्रेशर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग नहीं करने तथा सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने के प्रति भी जागरूक किया। चौराहों पर विशेष सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय धैर्य एवं संयम बनाए रखने की अपील की गई।
विधायक और एसएसपी ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
यातायात जागरूकता कार्यक्रम के बाद सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने लोगों को संदेश दिया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
अधिकारियों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार वर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा समस्त टीएसआई, यातायात पुलिसकर्मी, ऑटो और ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूं के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं के एनसीसी कैडेट्स, आमजन और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बदायूं पुलिस ने की यातायात नियमों के पालन की अपील
बदायूं पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन स्वयं करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा जैसे नियमों का पालन करके बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।
पुलिस ने संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। आपकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

Discussion about this post