बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं में 26 सितंबर को पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व के दौरान कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन लागू किया है। डायवर्जन 25 सितंबर की रात 8 बजे से 26 सितंबर की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।
बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान जाने वाले वाहन उझानी बाईपास, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला और अलीगढ़ होकर जाएंगे। वहीं कासगंज, एटा और आगरा जाने वाले वाहन नौशेरा तिराहा, कादरचौक और गंजडुंडवारा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मुजरिया चौराहा और कछला रोड, सहसवान से कछला होते हुए कासगंज की ओर वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। प्रमुख डायवर्जन स्थल नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और कछला रोड सहसवान होंगे।
गंगा स्नान के लिए कछला और अटैना घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही है।
