बदायूं संवाददाता।
महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित दोनों विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरणों का शुक्रवार को जिला निरीक्षण समिति ने औचक निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समिति ने महिला अस्पताल परिसर स्थित राजकीय दत्तक ग्रहण गृह और मोहल्ला नेकपुर स्थित दलित ग्रामीण विकास संस्थान के दत्तक ग्रहण गृह में बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य, देखभाल और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राजकीय गृह में तीन बच्चे निवासरत मिले, जबकि एक बच्चा प्री-एडॉप्शन फॉस्टर केयर में है। वहीं दलित ग्रामीण विकास संस्थान में विशेष आवश्यकता वाले दो बच्चे निवासरत हैं, जिन्हें दत्तक ग्रहण के लिए आरक्षित किया जा चुका है। सभी बच्चों का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।
एडीएम मानवेन्द्र सिंह ने निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। दोनों गृहों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, साफ-सफाई रखने, आगंतुकों का विवरण पंजिका में दर्ज करने और बायोमैट्रिक से बच्चों व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार सहित जिला निरीक्षण समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
