नया बदायूं

एमएलसी वागीश पाठक के आवास पर लगा थ्री-फेज स्मार्ट मीटर

नया बदायूं, संवाददाता।

बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पावर कॉरपोरेशन द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) वागीश पाठक के सिविल लाइंस स्थित आवास पर थ्री-फेज स्मार्ट मीटर स्थापित किया गया।


पावर कॉरपोरेशन की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुराने मीटर को हटाकर नया स्मार्ट मीटर लगाया। एसडीओ पनवड़िया अरविंद कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली की खपत की निगरानी अधिक सटीक और पारदर्शी हो जाएगी। अब उपभोक्ताओं की बिजली खपत का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से सीधे सर्वर पर दर्ज होगा, जिससे रीडिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता मोबाइल ऐप पर अपनी बिजली खपत का पूरा विवरण देख सकेंगे। साथ ही यह प्रणाली सोलर पैनल उपयोग करने वालों के लिए भी उपयोगी साबित होगी और बिजली बचत को बढ़ावा देगी। पोस्टपेड मीटर प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को माह के अंत में बिल प्राप्त होगा, जिसे निर्धारित समय सीमा में जमा करना होगा।
पावर कॉरपोरेशन द्वारा जनपद में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। एमएलसी वागीश पाठक के आवास पर स्मार्ट मीटर की स्थापना को इस अभियान की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उनकी इस पहल से आम नागरिकों को भी पारदर्शी और जिम्मेदार बिजली उपभोग के प्रति जागरूक होने का संदेश मिलेगा।

Exit mobile version