बदायूं संवाददाता।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नगला शिभू में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला समेत तीन लोगों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने तीनों के गंगा में डूबने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और गंगा में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी वीरेंद्र की बेटी शीला पिछले करीब ढाई महीने से अपने मायके में रह रही थी। उसकी शादी एटा जनपद के राजा का रामपुर क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। बताया जाता है कि पति से विवाद के बाद वह मायके आ गई थी।
परिजनों के मुताबिक घटना से पहले शीला और परिवार के सदस्यों की उसके पति से बातचीत हुई थी। इसके बाद घर में विवाद हो गया। इसी दौरान वीरेंद्र की पत्नी, बेटी शीला और देहाती नाम की महिला अचानक लापता हो गईं।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। गंगा किनारे चप्पल, दुपट्टा और कपड़े मिलने के बाद तीनों के नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है। गंगा में खोज अभियान जारी है। फिलहाल तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
