मुजरिया, संवाददाता।
जनपद बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन बाइक सवार घायल हो गए। दोनों घटनाओं में कार चालकों ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और दोनों कारों व बाइकों को कब्जे में ले लिया।
पहली घटना मुजरिया-कछला मार्ग पर बितरोई और ज्योरा के बीच फकीराबाद चौराहे पर हुई। बिल्सी थाना क्षेत्र के महमूदपुर सौगुना से अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे अजब सिंह पुत्र अमर सिंह, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी नयागांव थाना सहसवान, अपने रिश्तेदार के साथ डिस्कवर बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
दूसरा हादसा मुजरिया थाना क्षेत्र के मगू नगला के पास बीएल वर्मा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पलिया मेहंदी निवासी धर्मेंद्र पुत्र जग्गू सिंह, उम्र करीब 38 वर्ष, बाइक से उझानी से सहसवान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही ग्रैंड विटारा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए उझानी अस्पताल भेजा गया।
दोनों हादसों की सूचना मिलने के बाद थाना मुजरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों और बाइकों को कब्जे में लिया। वहीं थाना प्रभारी नीरज कुमार घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और उपचार की जानकारी ली। पुलिस ने हादसों की जांच शुरू कर दी है।
