बदायूं संवाददाता।
ब्लॉक कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ककोड़ा में आबादी के नजदीक खाली पड़ी जमीन पर फैली गंदगी और उगी झाड़ियों से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि झाड़ियों में जहरीले सांप पनप रहे हैं, जो निकलकर घरों तक पहुंच रहे हैं। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, आबादी के पास स्थित खाली जमीन पर लंबे समय से साफ-सफाई नहीं कराई गई है। जगह-जगह घास और झाड़ियां उग आई हैं, जिनमें जहरीले सांप छिपे रहते हैं। आए दिन सांप निकलने से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने अपने प्रार्थना पत्र में सांप के काटने से एक बच्चे की मौत होने की घटना का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते संबंधित स्थान की सफाई नहीं कराई गई तो भविष्य में भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर खाली पड़ी जमीन की साफ-सफाई कराई जाए तथा जहरीले सांपों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, जिससे गांव के लोगों को भय और खतरे से राहत मिल सके।
