नया बदायूं

डाइट बदायूं में प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण का तृतीय चरण संपन्न

बदायूं, संवाददाता।

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय समर्थ मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण के तृतीय चरण का समापन हुआ। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों के प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया।

समापन अवसर पर डायट प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण में सीखे गए कौशलों को विद्यालयों में लागू कर सकारात्मक बदलाव लाएं। प्रधानाध्यापक नेतृत्व कौशल के माध्यम से विद्यालय का वातावरण बच्चों के अनुकूल बनाएं, अभिलेखों को व्यवस्थित रखें और सभी शिक्षकों को साथ लेकर शैक्षिक लक्ष्यों को पूरा करें।
प्रशिक्षण नोडल अमिता सिंह ने कहा कि समर्थ मॉड्यूल से विद्यालय प्रबंधन में सुधार आएगा और प्रधानाध्यापक योजनाबद्ध तरीके से बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक की भूमिका, संसाधन प्रबंधन, अंतर-विभागीय समन्वय, मानसिक स्वास्थ्य, सामुदायिक सहभागिता, विद्यालय उन्नयन, वित्तीय प्रबंधन, नेतृत्वकर्ता के गुण और प्रारंभिक हस्तक्षेप सहित विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों का पोस्ट-टेस्ट कराया गया और सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर मो. राशिद कादरी, कुंवरसेन, कामरान, जीशान, जुगल किशोर, दीपिका सिंह, सचिन सक्सेना, परवेज अनवर, बीपी गौतम, वीरेंद्र यादव, राजीव शर्मा, राधेश्याम, सादिक अली, बबिता बब्बर, पुष्पांजलि, विवेक जैन, रामगोपाल, सुधीर यादव, कंचन सक्सेना, अशोक कुमार, प्रवीण कुमार, फरहा अबरार, ब्रजेश यादव सहित अन्य प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।

Exit mobile version