वजीरगंज/सैदपुर, संवाददाता।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम हतरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने सरकारी स्कूल को निशाना बनाते हुए कमरे की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा लाउडस्पीकर, ब्लूटूथ स्पीकर और पंखा चोरी कर ले गए। साथ ही अलमारी में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज कमरे में बिखेर दिए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचीं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका वसुधा मिश्रा ने सफाई के लिए पुरानी बिल्डिंग का कमरा खोला तो खिड़की टूटी हुई मिली। कमरे के अंदर अलमारी का ताला टूटा पड़ा था और उसमें रखा सामान गायब था। वहीं जरूरी कागजात कमरे में इधर-उधर फटे और बिखरे पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापिका ने तत्काल एबीएसए वजीरगंज को सूचना दी और डायल-112 पर पुलिस को बुलाया। इसके बाद थाना वजीरगंज पुलिस को लिखित तहरीर देकर चोरी का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है। इस संबंध में सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने के साथ ही सरकारी स्कूलों में चोरी की घटनाओं ने शिक्षकों की चिंता बढ़ा दी है। शिक्षकों ने विद्यालयों में रात्रि चौकीदार की व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
