नया बदायूं, संवाददाता।
थाना अलापुर क्षेत्र के इस्लामगंज में चोरों ने बीज भंडार की दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और कीटनाशक रसायनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद दुकानदार ने डायल 112 को सूचना देने के साथ थाना अलापुर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जगत निवासी योगेश सारस्वत ने बताया कि इस्लामगंज प्राथमिक विद्यालय के पास उनकी जय अम्बे बीज भंडार के नाम से दुकान है। उनके अनुसार 17 अगस्त की रात करीब नौ बजे चोरों ने दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन शटर नहीं टूट सका। इसके बाद चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 35 हजार रुपये की नकदी तथा कीटनाशक रसायन चोरी कर लिए।
योगेश सारस्वत के मुताबिक चोरों ने दुकान में लगे वाईफाई CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के दौरान चोरों का लाल रंग का अंगोछा मौके पर छूट गया।
सुबह चोरी की जानकारी होने पर दुकानदार ने डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद थाना अलापुर में शिकायती पत्र देकर चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
