नया बदायूं

श्रीराम शर्मा आचार्य की प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति से आलोकित हो रहा संसार : फातिमा राजा

नया बदायूं, संवाददाता।

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 100 वर्षों से प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति एवं 2400 तीर्थों के जल-रज से सुसज्जित ज्योति कलश के साथ भव्य ज्योति कलश रथ यात्रा शहर में धूमधाम से निकाली गई। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से सराबोर हो उठा।

शहर के प्राचीन बिरुआबाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार से प्रारंभ हुई यह यात्रा गायत्री शक्तिपीठ तक निकाली गई। यात्रा के दौरान शंखध्वनि, घंटे-घड़ियालों की गूंज और “हम बदलेंगे-युग बदलेगा, हम सुधरेंगे-युग सुधरेगा” के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।

चेयरमैन ने दिखाई हरी झंडी
नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा राजा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि युगऋषि वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति एक दिव्य ऊर्जा का स्रोत है, जिसका प्रकाश आज पूरे विश्व को आलोकित कर रहा है। उनकी 3200 से अधिक पुस्तकें समाज में सुसंस्कार, श्रेष्ठ ज्ञान और नवचेतना का संचार कर रही हैं।

इन्होंने किया पूजन

इस अवसर पर महेश चंद्र सक्सेना, अशोक सिंह, अजयवीर सिंह यादव, दीपमाला गोयल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अखंड ज्योति एवं ज्योति कलश का पूजन किया। मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुरेंद्र नाथ शर्मा एवं जिला समन्वयक नरेंद्रपाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। डीपी सिंह ने युवाओं को प्रेरणादायक संदेश दिया, वहीं शिवंवदा सिंह, सीमा गुप्ता और रजनी मिश्रा ने प्रज्ञा गीत प्रस्तुत किए।

यहां से निकली यात्रा
यात्रा बिरुआबाड़ी मंदिर से टिकटगंज, लाल बहादुर शास्त्री चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक, मथुरिया गेट और लालपुल होते हुए गायत्री शक्तिपीठ पहुंची। रास्ते में वीरेंद्र धींगड़ा, पंकज रस्तोगी, वीरेंद्र प्रकाश रस्तोगी, प्रदीप कुमार, राकेश गुप्ता, सुमन ढींगरा और हिमांशु गुप्ता सहित अनेक समाजसेवियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. सोहनपाल, गेंदन लाल, पुत्तू लाल, सुमित कुकरेती, लेखराज जायसवाल, माया सक्सेना, सुशील पटेल, संजय साहू, सत्यदेव साहू, अंकित सुरेश, शोभना, रितु कश्यप, सचिन पाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version