नया बदायूं, संवाददाता।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने शनिवार को डायट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, शारदेंदु पाठक, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ। मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने डायट परिसर में पौधरोपण किया। विद्यालयों की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि 15 अगस्त देश की आजादी का उत्सव मनाने के साथ उन महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। हमें अपने गौरवशाली अतीत को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि देश को आजादी अनेक वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि उनके बलिदानों को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। अंत में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीडीओ गामिनी सिंगला, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सांईआश्रित शाखमुरी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
