बदायूं संवाददाता।
रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में भारत स्काउट गाइड संस्था की ओर से संचालित खोया-पाया समाज सेवा शिविर का समापन हो गया। मेले में स्काउट के स्वयंसेवकों ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए 346 खोये बच्चों और बुजुर्गों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि निस्वार्थ सेवा की भावना से ही बच्चे सच्चे देशभक्त और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता और स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने मेले में पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मेले के मुख्य मार्ग, गंगा तट, पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्र, कोतवाली के समीप, बरेली मेला, कुर्मियान मेला, मीना बाजार और रोडवेज बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर स्काउट की ड्यूटी लगाई गई थी। स्वयंसेवकों ने माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सावधानी और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देकर जागरूक किया।
मेले के दौरान बेहतर सेवा कार्य करने वाले महीपाल सिंह तोमर, प्रधानाचार्य राजेश्वर पाठक, सुरेश बाबू शाक्य, माधव सिंह, अंकित कुमार, सौरभ, अनार सिंह शाक्य, संतवीर और रवि कुमार आदि को सम्मानित किया गया।
स्काउट कैंपफायर में स्वयंसेवकों ने बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ, पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ, नशा नाश की जड़ और हम अपने गांव को स्वर्ग बनाएंगे जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्काउट के इस सेवा कार्य की सराहना की गई।
