बदायूं संवाददाता।
सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में पल्स पोलियो बूथ का उद्घाटन किया गया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इशरत अली खान ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ विपिन वर्मा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से छूटने न पाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के तहत निर्धारित बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाएंगी। साथ ही बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी तौसीफ राजा खान, चीफ फार्मासिस्ट मुरलीधर आर्य, बीपीएम नावेद अहमद, बीएचडब्ल्यू शशिबाला, वार्ड बॉय मुजाहिद अहमद और अनुज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
