नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर में रवन्ना से बिल्सी रोड को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति और जलभराव की समस्या को लेकर पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष ने डीएम को ज्ञापन देकर मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बदायूं शहर के रवन्ना से बिल्सी रोड तक जाने वाला मार्ग छोटे सरकार की दरगाह होते हुए बाईपास से जुड़ता है। वर्तमान में सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के दौरान मार्ग पर जलभराव हो जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण हादसे का खतरा भी बना रहता है।
पीस पार्टी जिलाध्यक्ष ने बताया कि कई बार टेंपो, मोटरसाइकिल और साइकिल सवार लोग सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण असंतुलित होकर पानी में गिर चुके हैं। पैदल राहगीरों के लिए भी इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।
हजारों जायरीन करते हैं आवागमन
ज्ञापन में बताया गया कि छोटे सरकार की दरगाह पर प्रतिदिन दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग की खराब स्थिति के कारण श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कांशीराम आवास में रहने वाले करीब 400 लोगों के लिए भी यह प्रमुख आवागमन मार्ग है।
ज्ञापन में स्थानीय लोगों के हवाले से आरोप लगाया गया कि क्षेत्रीय सांसद आदित्य यादव को भी सड़क की समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन लोगों के अनुसार अभी तक आश्वासन के अलावा कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
बारिश में बढ़ जाती है समस्या
पीस पार्टी ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। सड़क की मरम्मत के साथ ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।
पीस पार्टी जिलाध्यक्ष ने डीएम से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पीस पार्टी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।
