बदायूं संवाददाता।
रोहिलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा का सोमवार 17 नवंबर को पारंपरिक झंडी पूजन के साथ शुभारंभ हो गया। कादरचौक क्षेत्र के ककोड़ा गांव स्थित मां ककोड़ा देवी मंदिर से विधि-विधान के साथ झंडी लाकर गंगा तट पर हवन और पूजन किया गया। इसके साथ ही गंगा किनारे मेले की रौनक बढ़ने लगी है। मेला एक दिसंबर तक चलेगा।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विनोद सिंह मां ककोड़ा देवी मंदिर पहुंचे। यहां से झंडी लेकर मेला स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद झंडी पूजन कराया। इस दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा, एसडीएम सदर एवं मेला अधिकारी साई आश्रित शखमुरी, एसपी सिटी अभिषेक सिंह और सीओ उझानी राहुल पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
झंडी पूजन के साथ ही मेले में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। गंगा तट पर लोग अपने डेरे और तंबू लगाने लगे हैं। वहीं, दूर-दराज से दुकानदार भी मेले में पहुंचने लगे हैं। धीरे-धीरे मेले का स्वरूप तैयार होने लगा है और गंगा किनारे धार्मिक माहौल बनने लगा है।
मेला ककोड़ा में 23 नवंबर को औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इसके अगले दिन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के गंगा में आस्था की डुबकी लगाने की उम्मीद है। मुख्य स्नान को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
