बदायूं संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति घोषित कर दी गई है। नई कार्यसमिति में सर्वसमाज की महिलाओं को प्रतिनिधित्व देते हुए अनुभवी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी ने नई टीम के माध्यम से महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने की रणनीति बनाई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा में महिला शक्ति की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगी। विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने और जीत की हैट्रिक लगाने में महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता शर्मा ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगी। महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग की महिलाओं तक पहुंच बनाई जाएगी। घर-घर संपर्क और जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प भी दोहराया।
ये हैं महिला मोर्चा की नवनियुक्त पदाधिकारी
जिला उपाध्यक्ष के पद पर सलोनी पाठक, पूनम शर्मा, शालिनी मित्तल, विमल भारद्वाज, संगीता वाष्णेय, तारावती मौर्य और शकुन्तला राठौर को जिम्मेदारी दी गई है। जिला महामंत्री के पद पर जया साहू, ममता वर्मा और वाणी सक्सेना को नियुक्त किया गया है।
जिला मंत्री के पद पर ज्योत्सना गुप्ता, ममता श्रीवास्तव, ममता साहू, रजनीश कुमारी, राममूर्ति शाक्य, गुड्डी राघव और उपासना गुर्जर को जिम्मेदारी मिली है। जिला कोषाध्यक्ष प्रवेश सिन्हा और जिला सह कोषाध्यक्ष मधु सोनकर बनाई गई हैं।
जिला मीडिया संयोजक दीप मल्होत्रा, जिला सह मीडिया संयोजक सुनीता शाक्य, जिला कार्यालय मंत्री काजल तोमर, जिला सोशल मीडिया संयोजक संध्या शुक्ला और जिला आईटी संयोजक अनुज श्रीवास्तव को बनाया गया है।
वहीं जिला कार्यसमिति सदस्य के रूप में प्रगति सागर, सीमा राणा, ओशीन प्रताप सिंह, गार्गी मिश्रा, सुनीता मौर्य, प्रीति धनगर, शिखा पाठक, कुमकुम ठाकुर, मनोरमा देवी और नूतन कश्यप को शामिल किया गया है।
नई कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही महिला मोर्चा ने मिशन 2027 के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत के लक्ष्य के साथ काम करने का संकल्प लिया है।
