नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के कृष्णा लॉन में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने रानी अवंतीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका थीं। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अदम्य साहस के साथ अंग्रेजी हुकूमत का सामना किया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी वीरगाथा आज भी युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और देश के प्रति समर्पण की भावना जगाती है। उनकी गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरक गाथा
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि रानी अवंतीबाई का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरक गाथा है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उनके संघर्ष और वीरता से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा मिलती है।
सशक्त नारी का प्रतीक
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने रानी अवंतीबाई को भारतीय नारी शक्ति और आत्मसम्मान का सशक्त प्रतीक बताया। पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने कहा कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि रानी अवंतीबाई का दृढ़ संकल्प आज भी युवाओं को देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
यह रहे मौजूद
ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, डीसीबी डायरेक्टर हर्षवर्धन राजपूत, लोधी राजपूत क्षत्रिय महासभा जिलाध्यक्ष नत्थूलाल वर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोवरन सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आरएस पाल, अशोक भारतीय, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल सहित मौजूद रहे।
