नया बदायूं, लखनऊ। राज्य ब्यूरो
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता Shivpal Singh Yadav ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने के लिए अनुपूरक बजट का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार अपने मूल बजट का 30 से 50 प्रतिशत तक खर्च ही नहीं कर पाई, तो अनुपूरक बजट लाने का औचित्य समझ से परे है।
शिवपाल सिंह यादव ने अपने बयान में कहा कि यह स्थिति सरकार की कार्यशैली और वित्तीय प्रबंधन की कमजोरी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का सही उपयोग न होना गंभीर चिंता का विषय है और इससे प्रदेश के विकास कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।
शिवपाल यादव का भाजपा पर निशाना
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने प्रभु राम के नाम पर राजनीति की ऊंचाइयों को जरूर हासिल किया, लेकिन जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर सवाल उठे और कथित अनियमितताओं की चर्चा हुई, तब सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही। ऐसे में प्रदेश के खजाने और सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर जनता का भरोसा कमजोर होता जा रहा है।
वायदे सिर्फ , हकीकत में कुछ नहीं
सपा नेता ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार विकास कार्यों से अधिक प्रचार-प्रसार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य नहीं हो रहे हैं, जबकि बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। यह स्थिति प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात के समान है।
सरकार की तय हो जबावदेही
शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश को इस समय अनुपूरक बजट की नहीं, बल्कि ईमानदार नीयत, पारदर्शिता और बेहतर वित्तीय प्रबंधन की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बजट के क्रियान्वयन में जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि विकास योजनाओं का लाभ वास्तव में आम जनता तक पहुंचे।
घोषणा और प्रचार से संतुष्ट नहीं जनता
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब केवल घोषणाओं और प्रचार से संतुष्ट नहीं है, बल्कि ठोस और धरातल पर दिखाई देने वाले परिणाम चाहती है। अगर सरकार ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
