नया बदायूं

डीएम ने छात्रों से किया सीधा संवाद, करियर संबंधी जिज्ञासाओं का किया समाधान

नया बदायूं, संवाददाता।

पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को डीएम अवनीश राय ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने यूपीपीएससी, सीए, प्रवक्ता और रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने को लेकर विभिन्न सवाल पूछे। डीएम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए उन्हें करियर को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कक्षा 10 के छात्र अमन ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा से संबंधित जानकारी मांगी। कक्षा 12 के छात्र मोहित ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की प्रक्रिया पूछी। अनुप कुमार ने प्रवक्ता बनने के लिए आवश्यक तैयारी और प्रक्रिया, जबकि अरहान ने रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने को लेकर सवाल किया।

डीएम ने सभी विद्यार्थियों के प्रश्नों को गंभीरता से सुनकर उनके जवाब दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासित रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव, प्रधानाचार्य नूतन रानी सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version