नया बदायूं

बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर 25 सितंबर को तहसील पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

बदायूं, संवाददाता।

कांग्रेस का बाढ़ मुक्त दातागंज अभियान गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने दातागंज तहसील क्षेत्र के नगरिया खनू, कटकौरा, पट्टी बिजा, लालपुर खादर और कुंडरा मझरा समेत आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया।

ग्रामीणों ने बताया कि रामगंगा की बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का अभी तक सर्वे नहीं कराया गया है और न ही मुआवजा मिला है। इसके अलावा लगातार हो रहे कटान से कृषि भूमि और मकानों को नुकसान पहुंच रहा है।
अजीत यादव ने कहा कि बाढ़ और कटान की समस्या के समाधान में प्रदेश सरकार विफल रही है। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित फसलों, मकानों और जमीन का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की। साथ ही कटान में जमीन गंवाने वाले किसानों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
उन्होंने मानपुर से सिमरिया और रुकुमपुर से भाऊ नगला तक बांध-तटबंध बनवाने की मांग करते हुए कहा कि दातागंज को बाढ़ से स्थायी रूप से मुक्त कराने के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी। हजरतपुर-गढ़िया रंगीन मार्ग को हर्रामपुर तक पांच फीट ऊंचा करने और पुलिया बनवाने की मांग भी की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं और मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर 25 सितंबर को दातागंज तहसील पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद उपजिलाधिकारी से वार्ता कर समस्याओं के समाधान की मांग रखी जाएगी।
अभियान के दौरान यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, ओमप्रकाश, सुरेंद्र सिंह, प्रवेश यादव और अवनीश समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version