बदायूं, संवाददाता।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के आवास पर सेन सविता समाज एवं दिवाकर समाज की संयुक्त सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुई। इसमें दोनों समाजों के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर तथा समाज सुधारक संत शिरोमणि गाडगे महाराज के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दोनों समाजों को एकजुट होकर अपनी आने वाली पीढ़ी को शिक्षित बनाने और सामाजिक विकास के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने अपना जीवन पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया, जबकि संत गाडगे महाराज ने लोगों को स्वच्छता, शिक्षा और पाखंड से मुक्ति का संदेश दिया। दोनों महापुरुष समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि सेन सविता और दिवाकर समाज सामाजिक संरचना की मजबूत कड़ी हैं। इन समाजों ने मेहनत और ईमानदारी से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की। साथ ही आश्वासन दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए वह निरंतर प्रयास करेंगे और उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
विधायक ने कहा कि बिल्सी क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। समाज की जायज मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
