नया बदायूं, संवाददाता।
शहर नगर पालिका ने बरसात के मौसम से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों एवं नालियों की सफाई अभियान चल रहा है। नगर पालिका साफ-सफाई को दिनरात लगी हुई है। दिन के अलावा रात को भी नालों की भी साफ-सफाई की जा रही है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने और नालियों में कूड़ा-कचरा न डालने की अपील की।
शहर नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनका कहना था कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ नागरिकों की पहचान होता है। उन्होंने कहा कि लोग नालियों और नालों में पॉलीथिन, घरेलू कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थ न डालें, क्योंकि इन्हीं माध्यमों से शहर के गंदे पानी की निकासी होती है। नालों के अवरुद्ध होने से बरसात के दौरान जलभराव जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका केवल सफाई अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ नहीं बना सकती, इसके लिए नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। सभी लोगों को स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी सफाई के प्रति प्रेरित करना चाहिए, ताकि स्वच्छ बदायूं, सुंदर बदायूं और स्वस्थ बदायूं का सपना साकार हो सके। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार की देखरेख में गोपी चौक साहू धर्मशाला से लोटनपुरा तक नाले की तली झाड़ सफाई कराई गई। इसके अलावा इमली चौक स्थित नाले में जमा सिल्ट को भी हटवाया गया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की आशंका कम हो सके। नगर वासियों ने पालिका द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बरसात से पहले नालों की नियमित सफाई होने से गंदगी और जलभराव की समस्या से काफी राहत मिलेगी। वहीं पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के सभी प्रमुख नालों की चरणबद्ध तरीके से सफाई कराई जाएगी।
55 से 60 कर्मचारियों को लगाया
नगर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर क्षेत्र के छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई के लिए करीब 55 से 60 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पूरे शहर के नालों, नालियों और आमचकों की सफाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि बरसात के दौरान कहीं भी जल निकासी प्रभावित न हो। इघर, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब के निर्देशन में कारगिल वाले बड़े नाले की तली झाड़ सफाई कराई गई। सफाई कर्मचारियों ने नाले से भारी मात्रा में सिल्ट और कचरा निकालकर जल निकासी को सुचारु बनाया।
