नया बदायूं मुख्य संवाददाता। नलकूप कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले विद्युत निगम के जेई को एंटी करप्शन बरेली की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जेई को सिविल लाइंस कोतवाली लाकर एंटी करप्शन टीम पूछताछ कर रही है। दरअसल, मूसाझाग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव निवासी अमरजीत सिंह पुत्र सरवन सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी मां किरनदीप के नाम से नलकूप कनेक्शन के लिए ऑनलाइन फाइल कराई थी। इसके बाद जेई ने सर्वे भी कर लिया, लेकिन कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने लगे, जिसको लेकर वह पिछले तीन महीनों से परेशान थे। अमरजीत ने रिश्वत मांगने की शिकायत 8 दिसंबर 2025 को एंटी करप्शन टीम बरेली से की थी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जेई को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और ट्रैपिंग की। इसके तहत केमिकल लगे 20 हजार रुपये अमरजीत को दिए गए। शुक्रवार को अमरजीत ने सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर बाजार में लगे विद्युत कैंप में जेई प्रदीप बाबू भारती को केमिकल लगे 20 हजार रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही रुपये दिए गए, एंटी करप्शन टीम ने जेई प्रदीप बाबू भारती को दबोच लिया और गिरफ्तार कर सिविल लाइंस कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ जारी है। अमरजीत ने बताया कि नलकूप कनेक्शन न होने के कारण उनकी फसलें भी बर्बाद हो चुकी हैं। फिलहाल एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही है और यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि जेई संविदा पर तैनात हैं या स्थायी कर्मचारी हैं।
