नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में आज 26 जनवरी 2026 का दिन है। आज शहर से देहात तक गणतंत्र दिवस का पर्व राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों से लेकर प्राइवेट कार्यालयों एवं सरकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया और प्रभात फेरियां निकाली गई हैं। मुख्य कार्यक्रम जिला स्तर पर पुलिस लाइन मैदान में किया गया है। शहर से देहात तक राष्ट्रीय गीतों की गूंज ने महौल राष्ट्रभक्ति में बना दिया है। गलियों और चौबारों पर आजादी के तराने गूंज रहे हैं।
सोमवार को आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह को प्रभात फेरियां निकाली गईं। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चे शामिल रहे। इसके बाद डीएम आवास एवं कलक्ट्रेट परिसर में सुब आठ बजे डीएम अवनीश कुमार राय ने झंडा फहराया। डीएम ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराते हुए कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक समरसता लाने के लिए हम सभी को संकल्पित होना होगा। सभी को शपथ दिलाई। इसके बाद डीएम ने शहीद स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।
नौ बजे के बाद पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने देश के आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा फहराया। पुलिस की विभिन्न परेड टुकड़ियों ने कदमताल के साथ परेड की सलामी दी। इस मौके पर पुलिस लाइन मैदान देश देशभक्ति तरानों से गूंज उठा। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुत कर आयोजन में समां बांध दिया। वहीं, गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया। पुलिस लाइन मैदान में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, एसपी सिटी विजेंद्र द्विवेदी, एसपी देहात हिरदेश कठेरिया सहित अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में नारी शक्ति का जलवा रहा। परेड एवं झांकियों से लेकर दर्शक दीर्घा में भी आधी आबादी का ही बोलबाला रहा।
सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
बदायूं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष जनाब मुख़्तार अहमद बाबा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क लालपुल में ध्वजारोहण किया। वहीं बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेड़कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कहा कि गणतंत्र दिवस भारत की राष्ट्रीय यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसी दिन 26 जनवरी, 1950 को देश का संविधान लागू हुआ। इस मौके पर सपा यूथ के राष्ट्रीय सचिव अली अल्वी, वासुदेव सागर, रामूर्ति सागर, सब्बू खान, विनोद कुमार, ज़ीशान फारूकी, रूमी अंसारी, साधु सिंह, शान अल्वी आदि लोग मौजूद रहे।
शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में मनाया गणतंत्र दिवस
बदायूं। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, शेखूपुर, बदायूं परिसर में हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन सुभाष चंद्र, अध्यक्ष डॉ. आरके वर्मा, सचिव करण थरेजा एवं मैनेजर विक्रांत मेंदीरत्ता द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अध्यक्ष डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना पर आधारित है, जिसे प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस मौके पर फार्मेसी प्रिंसिपल डॉ. उदय प्रताप सिंह भास्कर,नर्सिंग प्रिंसिपल सारिका सिंह, विद्यार्थियों एवं स्टाफ उपस्थित रहा।
मदर एथीना स्कूल के विद्यार्थियों ने 77वें गणतंत्र दिवस पर जश्न मनाया
बदायूं। मदर एथीना स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। एनसीसी कैडेट्स के संचालन में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने झंडा फहराकर कार्यक्रम का शुभांरभ किया। विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा एक सामूहिक सांस्कृतिक गीत, सामूहिक नृत्य, देशभक्ति नाटिका तथा भाषण की प्रस्तुति की गई। हिंदी तथा अंग्रेजी भाषण क्रमशः कक्षा-6 (स) की आरना तथा कक्षा-7 (स) की श्रेया पवार द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा-6 (स) की आरोही एवं कक्षा-7 (ब) की सौम्या द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मदर एथीना स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों द्वारा जोरदार प्रशंसा के साथ-साथ विद्यालय को गौरवान्वित किया गया। विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने इस अवसर पर गणतंत्र दिवस के बारे में विद्यार्थियों को महत्त्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा उनके द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
खबर अपडेट हो रही…..
