नया बदायूं

लैब बंद होने की शिकायत पर भड़के टेक्नीशियन, पत्रकार को धमकी देने का आरोप

नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज की पैथोलॉजी लैब के लगातार बंद रहने और मरीजों को हो रही परेशानी की शिकायत करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज अस्पताल के लैब टेक्नीशियन वंश कुमार सिंह ने संवाददाता प्रदीप कुमार को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले के बाद स्थानीय पत्रकारों में आक्रोश है। पत्रकार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त को प्रदीप कुमार अपनी बेटी की जांच कराने सीएचसी वजीरगंज पहुंचे थे। वहां लैब टेक्नीशियन ने मशीन खराब होने की बात बताई, जिसके चलते उन्हें निजी लैब में जांच करानी पड़ी। इसके बाद अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में मरीजों को हो रही परेशानी को लेकर समाचार प्रकाशित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने की बात भी सामने आई थी।
फिर बंद मिली लैब
गुरुवार 03 सितंबर को प्रदीप कुमार स्वयं जांच कराने सीएचसी वजीरगंज पहुंचे तो पैथोलॉजी लैब एक बार फिर बंद मिली। वहां जांच कराने पहुंचे अन्य मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में उन्होंने सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार से जानकारी ली और लैब बंद होने से मरीजों को हो रही दिक्कत से अवगत कराया।
शिकायत के बाद फोन करने का आरोप
आरोप है कि लैब बंद होने की शिकायत की जानकारी मिलने के बाद लैब टेक्नीशियन वंश कुमार सिंह ने प्रदीप कुमार को फोन किया। पत्रकार का आरोप है कि फोन पर टेक्नीशियन ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बातचीत के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पत्रकारों में रोष फैल गया। पत्रकारों का कहना है कि सरकारी अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों की समस्याओं को सामने लाना पत्रकारिता का हिस्सा है। यदि किसी शिकायत को लेकर आपत्ति है तो उसका जवाब विभागीय स्तर पर दिया जाना चाहिए, न कि अभद्रता या धमकी के जरिए।
निष्पक्ष जांच की मांग
पत्रकारों ने स्वास्थ्य विभाग से पैथोलॉजी लैब की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है कि लैब की मशीन कब से खराब है, लैब कितने समय तक बंद रही और इस दौरान मरीजों की जांच की वैकल्पिक व्यवस्था क्या रही।
मामले में प्रदीप कुमार ने थाने में तहरीर देकर कथित अभद्रता और धमकी के संबंध में कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीएचसी की पैथोलॉजी लैब के बार-बार बंद मिलने से मरीजों को हो रही परेशानी का स्थायी समाधान कराने की भी मांग उठ रही है।

Exit mobile version