बदायूं, संवाददाता।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जनपद स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सभी विकास क्षेत्रों से शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में ताड़ासन, धनुरासन, पश्चिमोत्तानासन, गरुड़ासन, नटराजासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, शीर्षासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न प्राणायाम और योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया गया।
नोडल डायट प्रवक्ता दिलीप कुमार रजक ने कहा कि योग के माध्यम से शिक्षक स्वयं निरोग रहने के साथ विद्यार्थियों को भी स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में मुकेश सारस्वत प्रथम, पवन द्वितीय, सुनील यादव तृतीय, सुरेंद्र सिंह चतुर्थ और सुरेंद्र पंचम रहे। महिला वर्ग में प्रियंका चौहान प्रथम, सोनी देवी द्वितीय, मोनिका तृतीय, विजेता चतुर्थ और नीरज पंचम रहीं।
प्राचार्य राकेश कुमार ने विजेता प्रतिभागियों समेत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। निर्णायक की भूमिका योग प्रशिक्षक गिरधारी सिंह राठौर, सोनू पटेल और पल्लवी शर्मा ने निभाई। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों का प्रदेश स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
