नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिक शिक्षकों का वेतन 31 अगस्त तक आहरित हो जाना चाहिए था, लेकिन बेसिक विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी की कथित लापरवाही के चलते शिक्षक दिवस बीत जाने के बाद भी जनपद के शिक्षकों को वेतन नहीं मिल सका। त्यौहार और सम्मान के विशेष अवसर पर वेतन न मिलने से शिक्षकों में विभाग के प्रति आक्रोश है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वेतन संबंधी समस्या को लेकर संगठन का प्रतिनिधिमंडल 24 अगस्त और 2 सितंबर को वित्त लेखाधिकारी से मिला था। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने समय से वेतन जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद वेतन भुगतान में देरी हुई।
इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की आवश्यक बैठक जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी के निवास पर हुई। बैठक में शिक्षकों ने वित्त एवं लेखा अधिकारी मुनीष कुमार श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि अगले माह भी वेतन भुगतान में देरी दोहराई गई तो महासंघ आंदोलन करेगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगले माह की 2 तारीख को वित्त लेखाधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने इसकी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होने की बात कही।
