बदायूं संवाददाता।
प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार डॉ. उर्मिलेश के 75वें अमृत जयंती वर्ष और डॉ. उर्मिलेश जनचेतना समिति के 21वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 23 व 24 जनवरी 2027 को दो दिवसीय डॉ. उर्मिलेश स्मृति उत्सव का आयोजन बदायूं क्लब परिसर में किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को बदायूं क्लब सभागार में बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र गरल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
निर्णय लिया गया कि प्रथम दिन 23 जनवरी को सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह होगा। इस दौरान देश के प्रसिद्ध कवियों एवं शायरों को साहित्यिक सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। दोपहर एक से शाम पांच बजे तक सोलो डांस, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी। रात आठ बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के नामचीन कवि और शायर शिरकत करेंगे।
दूसरे दिन 24 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक ग्रुप डांस, फैंसी ड्रेस, बेबी शो, वॉयस ऑफ बदायूं, गॉट टैलेंट और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। रात आठ बजे से भव्य सांस्कृतिक संध्या, लॉफ्टर शो और म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जाएगा।
समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. मदन मोहन लाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं में अश्लील और फूहड़ नृत्यों को मान्यता नहीं दी जाएगी। प्रतियोगिताओं के आवेदन पत्र दिसंबर के प्रथम सप्ताह से जनपद के विद्यालयों और ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। सदस्य राहुल चौबे ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं के सम्मान के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
समिति के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने कहा कि उत्सव का उद्देश्य डॉ. उर्मिलेश की भावनाओं के अनुरूप युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और जनपदवासियों को श्रेष्ठ सांस्कृतिक एवं साहित्यिक आयोजन उपलब्ध कराना है।
बैठक में रविंद्र मोहन सक्सेना, सुमित मिश्रा, दीपक सक्सेना, अशोक सक्सेना, प्रशांत दीक्षित, आमिर सुल्तानी, मयंक गुप्ता और नितिन गुप्ता सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
